नवगछिया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की नगर इकाई ने स्वतंत्रता दिवस के पूर्व एक विशेष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
अभाविप के दक्षिण बिहार प्रांत सह मंत्री कुणाल पांडे ने बताया कि यात्रा साहू परबत्ता के मैदान से शुरू हुई। यह साहू परबत्ता बाज़ार और गांव की विभिन्न गलियों से होते हुए गरैया चौक तक गई। इसका समापन हाईस्कूल मैदान में हुआ।
भागलपुर के विभाग संयोजक अनुज चौरसिया के अनुसार, सभी कार्यकर्ताओं और छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान देश के वीर शहीद सैनिकों को याद किया गया।

नवगछिया जिला संयोजक गौतम साहू ने बताया कि तिरंगा यात्रा के बाद सधुवा चापर के शहीद लाल धीरज यादव को श्रद्धांजलि दी गई। सभी कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखा।
अभाविप की प्रांत सह छात्रा प्रमुख साक्षी भारद्वाज और एसएफडी प्रांत सह संयोजक कुसुम कुमारी ने सभी देशवासियों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में सोनी, लिलावती, स्वीटी समेत कई कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

