नवगछिया : उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को बिहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर स्थानीय विधायक इंजीनियर शैलेंद्र ने चांदी का मुकुट पहनाकर उपमुख्यमंत्री का सम्मान किया।
सभा स्थल पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। सभा के दौरान अचानक उस समय हलचल मच गई, जब कुछ स्थानीय युवक “मैदान नहीं तो वोट नहीं” लिखे पोस्टर के साथ प्रदर्शन करने पहुंच गए। इस पर उपमुख्यमंत्री ने मंच से ही प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और इस मुद्दे पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बिहार विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा

अपने संबोधन में सम्राट चौधरी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि आज बिहार विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। पहले भागलपुर से पटना की दूरी तय करने में जहां सात घंटे लगते थे, वहीं अब आधुनिक सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी के कारण यह सफर महज तीन घंटे में पूरा हो रहा है।
इसी तरह पटना से मुजफ्फरपुर की यात्रा भी अब तीन घंटे से घटकर मात्र एक घंटे में सिमट गई है। उन्होंने कहा कि खगड़िया से पूर्णिया तक फोरलेन परियोजना की टेंडर प्रक्रिया जारी है। इसके पूरे होने के बाद सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों को आवागमन और व्यापार में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
स्थिति पूरी तरह से बदली
उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस वादे का भी जिक्र किया जिसमें 2020 में 10 लाख सरकारी नौकरी देने की बात कही गई थी। उन्होंने दावा किया कि यह वादा पूरा कर दिखाया गया है और सरकार लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि राजद के शासनकाल में हत्या, अपहरण और लूट की घटनाएं आम थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में आम आदमी भय के साए में जीता था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कानून का राज स्थापित हुआ है और जनता शांति व विकास के माहौल में जीवन जी रही है।

सभा में शामिल युवाओं और स्थानीय लोगों ने खेल मैदान की मांग उठाई। “मैदान नहीं तो वोट नहीं” वाले पोस्टर की चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए भी योजनाएं चला रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर रही। सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। कार्यक्रम को देखते हुए गृह विभाग, पुलिस मुख्यालय और जिला प्रशासन को विशेष सुरक्षा इंतजाम करने का निर्देश दिया गया। लेटर जारी कर कहा गया कि उपमुख्यमंत्री Z+ श्रेणी की सुरक्षा में रहते हैं।
ऐसे में CRPF, RPF, बिहार पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा, कार्यक्रम स्थल तक आमजन की भीड़ नियंत्रण, वाहनों की पार्किंग व्यवस्था और एंबुलेंस समेत अन्य आपात वाहनों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं।

