नवगछिया। नगर परिषद के पूर्व उप मुख्य पार्षद और रसलपुर निवासी अभिषेक रमण से अपराधियों ने 20 लाख रुपए रंगदारी की मांग की है। रंगदारी नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में पीड़ित ने गोपालपुर प्रखंड के लतरा गांव निवासी कुख्यात राहुल यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़ित अभिषेक रमण ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि 28 सितंबर की रात करीब 9:18 बजे राहुल यादव ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर रंगदारी मांगी। कॉल पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा – “मिथुन यादव और तोरा बाप को मारे तो का हुआ, एक साल में बेल करा लिए। दो दिन के अंदर 20 लाख रुपए भेज दो, नहीं तो गोली मार देंगे।”
आवेदन में यह भी उल्लेख है कि पिछले दो माह में राहुल यादव कई व्यापारियों से रंगदारी वसूल चुका है, लेकिन भय के कारण किसी ने केस दर्ज नहीं कराया। बताया जा रहा है कि जेल से छूटने के बाद राहुल यादव कटिहार के रवि झा, कुरसेला के मिठू झा और रसलपुर के अजीत यादव के साथ सक्रिय है। खास बात यह है कि उसके पिता की हत्या भी राहुल यादव गैंग के अपराधियों ने की थी।

पीड़ित ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

