नवगछिया बाजार स्थित नोनियापट्टी में दुर्गापूजा के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हिमांशु भगत ने शराब के नशे में धुत होकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने तत्काल विरोध किया और साहस दिखाते हुए हथियार सहित उसे पकड़ लिया। इसी दौरान लोगों ने उसका पिस्टल छीनकर नवगछिया पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस पहुंचने से पहले ही आरोपी किसी तरह भीड़ को धक्का देकर फरार हो गया।
Total Downloads: 165
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से दो कारतूस बरामद किए। इसके बाद नोनियापट्टी निवासी मिथुन कुमार के बयान पर नवगछिया थाना में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। मिथुन और अन्य लोगों ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे आरोपी चार–पांच साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूर्व में भी हिमांशु भगत द्वारा गोलीबारी की गई थी, जिसमें एक सांड को गोली लगी थी। उस मामले में एससी–एसटी थाना में प्राथमिकी दर्ज है।

इस घटना पर जदयू जिलाध्यक्ष बीरेंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि कमेटी पहले ही भंग कर दी गई है, इसलिए हिमांशु भगत किसी भी पद पर नहीं हैं।
नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर रविशंकर ने बताया कि आरोपी पर गोलीबारी करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। लोगों द्वारा छीना गया पिस्टल पुलिस ने जब्त कर लिया है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
