नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र स्थित मधुरापुर बाजार में शुक्रवार को एक महिला से मोबाइल फोन छीन लिया गया। उचक्के भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पीड़िता की पहचान मधुरापुर गांव निवासी गौरव कुमार शर्मा की पत्नी सुनीता कुमारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुनीता कुमारी अपनी मां को मधुरापुर जहाज घाट पर गंगा स्नान करवाने ले जा रही थीं। इसी दौरान बाजार में बढ़ती भीड़ के बीच उचक्कों ने उनका मोबाइल झपट लिया।
घटना के बाद महिला घबरा कर रोने और चिल्लाने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें शांत कराया और थाने में सूचना देने की सलाह दी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मधुरापुर बाजार में उचक्कों की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। आए दिन हो रही ऐसी घटनाओं से बाजार की छवि धूमिल हो रही है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने की मांग की है।
गंगा तटों के आसपास नशेड़ी और जुआरी गिरोह भी सक्रिय रहते हैं। श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के दौरान उनका सामान चोरी या छीन लिया जाता है।
भवानीपुर थाना अध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि अब तक इस घटना की कोई लिखित सूचना प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

