खरीक। नवगछिया थाना पुलिस ने शुक्रवार की रात विजय घाट पुल के पास गश्त के दौरान एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की। पुलिस की मौजूदगी देखकर दो संदिग्ध युवक मौके से भाग निकले।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम शुक्रवार देर रात विजय घाट पुल के पास नियमित गश्त पर थी। उसी दौरान दो युवक पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन दोनों अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
भागने के दौरान एक युवक ने हाथ में रखा कट्टा फेंक दिया, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद किया। बाद में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

नवगछिया की पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि “फरार युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।”

