नवगछिया। भागलपुर के एक व्यवसायी का अपहरण कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा नवगछिया पुलिस ने गुरुवार देर रात कर दिया। पुलिस ने इस कांड में शामिल कुख्यात छोटू यादव गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को एक कट्टा और पांच जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधियों में गोपालपुर थाना क्षेत्र के चपरघट निवासी पियुष यादव, जयचंद्र कुमार, लवण यादव और धरहरा थाना क्षेत्र के पचरूखी निवासी ब्रजेश कुमार शामिल हैं। सभी अपराधी फिलहाल जेल में बंद छोटू यादव और राहुल यादव गिरोह के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवगछिया एसडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि भागलपुर के जीरोमाइल निवासी सीसीटीवी कैमरा थोक व्यवसायी जयदेव कुमार पंडित ने आवेदन देकर बताया था कि कुख्यात अपराधी राहुल यादव एवं उसके साथियों ने उसका अपहरण कर खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी बहियार में ले जाकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। रकम छठ पूजा के बाद देने की शर्त पर उसे छोड़ा गया था।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ ओमप्रकाश के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई। टीम ने छापेमारी कर चारों अपराधियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से तीन मोबाइल फोन, एक कट्टा और पांच कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे जेल में बंद छोटू यादव और राहुल यादव के गिरोह के सदस्य हैं और उनके निर्देश पर ही अपहरण और रंगदारी की वारदात को अंजाम दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह ने नवगछिया बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों के दर्जनभर ब्रोकर और व्यवसायियों से फोन पर रंगदारी मांगी थी। कुछ ने भयवश रकम दी थी, जबकि एक व्यवसायी ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
टीम में टाउन थानाध्यक्ष रवि शंकर सिंह, गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, रंगरा थानाध्यक्ष और पुलिस बल के जवान शामिल थे।

