नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में रविवार दोपहर मोबाइल में रील देखने को लेकर मां की डांट से नाराज एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान कमलाकुंड निवासी अनिल यादव के पुत्र अंकित कुमार (20) के रूप में हुई है।
Total Downloads: 215
घटना की सूचना मिलने पर इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से घटना की जानकारी ली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि अंकित मोबाइल पर रील देख रहा था। इसी दौरान उसकी मां ने उसे मोबाइल देखने को लेकर डांट-डपट की। इससे नाराज होकर अंकित अपने कमरे में चला गया और फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने फिलहाल यूडी केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे के सभी संभावित कारणों को लेकर पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है।
