नवगछिया । भवानीपुर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर अवैध हथियार का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। इंटरनेट मीडिया पर हथियार के साथ उसका वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
गिरफ्तार युवक की पहचान भ्रमरपुर गांव निवासी नीतिश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद जांच शुरू की गई और सत्यापित होने पर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। रविवार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
भवानीपुर थाना प्रभारी शंभू कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर भय फैलाने वाले तत्वों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनी रहे।


