नवगछिया | रविवार अहले सुबह करीब 5 बजे खरीक थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पश्चिमी रेलवे केबिन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक वाहन से बचने के दौरान बाइक सवार भैंस से टकरा गए, जिससे भैंस की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना के जेएसआई विक्रम कुमार और यातायात थानाध्यक्ष सुजीत कुमार वारसी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तीनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेजा गया। रास्ते में ही बाइक चालक मनोज कुमार (36), पिता–बनवारी सिंह, निवासी सहौड़ा, रंगरा थाना क्षेत्र, की तेतरी के पास मौत हो गई।
पुलिस ने मनोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा तथा मृत भैंस को मवेशी अस्पताल भेजा। हादसे में घायल मनोज की भाभी कंचन देवी और भतीजी अर्चना कुमारी का इलाज अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार मनोज अपनी भतीजी की विश्वपुरिया में हुई शादी समारोह से लौटकर भाभी और भतीजी के साथ बाइक से सहौड़ा जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। मृतक मनोज दो पुत्र—आशीष कुमार (10), कार्तिक कुमार (7)—और दो पुत्री—नशा कुमारी (14), नंदनी कुमारी (12)—का पिता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

