विधायक बुलो मंडल ने ग्रामीण कार्य विभाग मंत्री से मिलकर 4 महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का प्रस्ताव रखा**

नवगछिया। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले दिनों में आवागमन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। क्षेत्र के विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने बुधवार को पटना में ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री अशोक चौधरी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की चार अत्यंत महत्वपूर्ण और लंबे समय से लंबित सड़क परियोजनाओं से संबंधित विस्तृत प्रस्ताव पेश किए। मंत्री द्वारा प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देने के बाद क्षेत्रवासियों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

विधायक ने मंत्री के सामने रखी ये 4 प्रमुख सड़क मांगें

1. रंगरा पंचायत – तिनटंगा दियारा दक्षिण मार्ग

तिनटंगा दियारा का दक्षिणी भाग हर वर्ष बाढ़ और कटाव की समस्या झेलता है। सड़क जर्जर होने से लोगों को आवाजाही में काफी कठिनाइयाँ आती हैं। विधायक ने इस मार्ग को स्थायी और मजबूत ढंग से बनाने की मांग की, जिससे दियारा क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिल सके।

2. गोपालपुर पंचायत – दो महत्वपूर्ण सड़क और पुल निर्माण

  • डिमाहा से नवटोलिया सड़क और पुल निर्माण:
    यह मार्ग दशकों से ग्रामीणों की प्रमुख आवश्यकता रहा है। पुल निर्माण होने से लगभग 10 से ज्यादा छोटे टोले और खेतिहर इलाकों का संपर्क सुगम हो जाएगा।

  • बोचाही रिंग बांध (4 नंबर ठोकर) से कॉर्टीधार होकर नवटोलिया तक सड़क:
    यह मार्ग बाढ़काल में जीवनरेखा का काम करता है। पक्की सड़क बनने से एंबुलेंस, स्कूल वाहन और किसानों की आवाजाही निर्बाध होगी।

3. इस्माइलपुर पंचायत – गंगा चौक से लक्ष्मीपुर संपर्क मार्ग

इस मार्ग के बनने से इस्माइलपुर प्रखंड मुख्यालय से लक्ष्मीपुर और आसपास के गांवों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अभी यहां कच्ची सड़क होने से बरसात में आवागमन लगभग ठप हो जाता है।

4. जगतपुर पंचायत – जपतेली से विक्रमशिला पहुंच पथ तक पीसीसी सड़क

यह सड़क बनने से न सिर्फ स्थानीय लोगों को फायदा होगा बल्कि विक्रमशिला सेतु के अप्रोच रोड तक पहुँच आसान होगी। यह मार्ग व्यापारिक गतिविधियों को भी गति देगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *