नवगछिया में 30 लाख की स्मैक के साथ तीन गिरफ्तार, खगड़िया से जुड़े तस्करी नेटवर्क का खुलासा
Total Downloads: 373
नवगछिया। पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नवगछिया पुलिस ने 204.55 ग्राम स्मैक के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 30 लाख रुपये बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 6/7 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि तीन व्यक्ति स्मैक की खेप लेकर नवगछिया जीरोमाइल होते हुए खगड़िया की ओर जाने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेतरी जाने वाले मोड़ के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे तीन लोगों को रोका।

तलाशी के दौरान मिथलेश कुमार के कमर में छिपाकर रखी दो साबुनदानी से कुल 204.55 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से 2,150 रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने मौके से उसके दो सहयोगियों लक्ष्मण कुमार और मो. नयमतुल्ला को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक की बिक्री और सेवन करते हैं तथा राजू जलालपुर, मालदा (पश्चिम बंगाल) से स्मैक लेकर आ रहे थे। हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश कुमार, पिता जयराम सिंह, निवासी अम्बा, थाना अलौली, जिला खगड़िया; लक्ष्मण कुमार, पिता स्व. रंजीत सिंह, निवासी इचरूआ, थाना अलौली, जिला खगड़िया और मो. नयमतुल्ला, पिता मो. नईमउद्वीन, निवासी साहसी, थाना अलौली, जिला खगड़िया शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 204.55 ग्राम स्मैक, 2,150 रुपये नकद, चार लाइटर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मामले में नवगछिया थाना कांड संख्या 411/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
चार महीने में 2.650 किलो स्मैक बरामद
नवगछिया पुलिस के अनुसार, मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले चार महीनों में 2.650 किलोग्राम स्मैक बरामद की गई है, जबकि इस मामले में कुल 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नवगछिया के नेतृत्व में एएनटीएफ (Anti & Narcotics Task Force) का गठन किया गया है। टीम द्वारा लगातार सूचना संकलित कर तस्करों के खिलाफ छापेमारी और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
