नवगछिया :खरीक प्रखंड के राघोपुर गंगा घाट पर मंगलवार सुबह नहाने गई छह वर्षीय श्वेता कुमारी की डूबने से मौत हो गई। श्वेता राघोपुर निवासी गुड्डू मंडल की पुत्री थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और घाट पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्वेता अपनी मां और अन्य बच्चों के साथ घाट पर नहाने पहुंची थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गंगा की तेज धारा में बह गई। बच्ची को बचाने की कोशिश की गई, लेकिन पानी की तेज लहरों के कारण वह कुछ ही क्षणों में गहराई में चली गई। हादसे के बाद स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद उसका शव नदी से बाहर निकाला।

घटना की सूचना पर सरपंच प्रमोद मंडल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पानी का बहाव तेज होने के कारण बच्ची को बचाया नहीं जा सका। वहीं, खरीक थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, श्वेता तीन बहनों और एक भाई में दूसरे नंबर पर थी। उसकी माता गुड़िया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस घटना से पूरे राघोपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *