नवगछिया : पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय नगरपारा में मंगलवार को युवा लेखक संपादकीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन कौशल को प्रोत्साहित करना और उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए मंच प्रदान करना था।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय दैनिक के संवाददाता मधुर मिलन मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को समाचार लेखन, कहानी एवं कविता रचना की बारीक तकनीकों से अवगत कराया। साथ ही लेखन कला, पत्रकारिता और संपादन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य संजय कुमार चौधरी ने बताया कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में लेखन क्षमता का विकास करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करेगा।

विद्यालय युवा संपादकीय क्लब के सदस्य बी.सी. झा, मजहर इकबाल, अजीत कुमार, सरिता वर्मा और प्रियंका द्विवेदी ने संयुक्त रूप से कहा कि यह पहल छात्र-छात्राओं की सोचने-समझने की क्षमता को मजबूत करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह क्लब भविष्य में कई प्रतिभाशाली युवा लेखकों को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान छात्र अभिनव, रितेश, अजय, निशित तथा छात्राएं सोनाक्षी, सोनम, वैष्णवी, पलक, दीपराज सहित अन्य विद्यार्थियों ने लेखन और पत्रकारिता से जुड़े सवाल पूछे। मुख्य वक्ता ने सभी प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर दिए, जिससे छात्रों को इस क्षेत्र की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

