नवगछिया में शिक्षक के अपहरण कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए शिक्षक को सुरक्षित मुक्त करा लिया। इस संबंध में कोरचक्का निवासी शिक्षक विमलेंदु विमल ने राजेंद्र कॉलोनी निवासी आर्मी जवान जितेंद्र वर्मा, धोरैया निवासी अमित कुमार साह समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिक्षक के अनुसार 6 दिसंबर को वे उजानी प्राइमरी स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान मनिया मोड़ के पास आरोपियों ने उनका अपहरण कर नवगछिया जीरो माइल स्थित एक होटल में ले जाकर मारपीट की। वहां उनसे 50 लाख रुपये की मांग की गई और स्टांप पेपर पर जबरन हस्ताक्षर भी करवाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने डायल 112 और नवगछिया पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया। उस समय शिक्षक काफी घबराए हुए थे, इसलिए तत्काल कोई निर्णय नहीं ले सके। बाद में ग्रामीणों की सलाह पर 14 दिसंबर को कोरचक्का में पंचायत बुलाई गई, लेकिन आरोपी जितेंद्र वर्मा ने पंचायत में शामिल होने से इनकार कर दिया।

पुलिस का पक्ष
नवगछिया थानाध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि शिक्षक के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शिक्षक को बरामद कर आरोपियों को थाना लाया था। प्रारंभिक पूछताछ में मामला जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े लेनदेन का प्रतीत हो रहा है। आरोपी पक्ष का दावा है कि शिक्षक ने उनसे रुपये लिए थे, जिसको लेकर विवाद चल रहा था। मामले की गहन जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

