नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 पर भवानीपुर टावर चौक के पास गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे जमीन विवाद को लेकर अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान भवानीपुर गांव निवासी पिंटू कुमार (21), पिता जवाहर यादव के रूप में हुई है।

Whatsapp group Join

जानकारी के अनुसार, पिंटू दियारा क्षेत्र में अपने खेत में लगी फसल में खाद डालकर घर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने उसके सिर में एक के बाद एक चार गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल से परिजनों ने चार खोखे बरामद किए, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है।

कुछ देर बाद नवगछिया डीएसपी मनोज कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। एफएसएल की टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है। नवगछिया एसपी प्रेरणा कुमार के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाएगी। रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

मृतक के परिजनों ने बताया कि पड़ोसियों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। करीब दो माह पहले विवादित जमीन पर भैंस चराने को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी, जिसमें पिंटू के पिता जवाहर यादव जेल में हैं। परिजनों को आशंका है कि उसी विवाद के चलते पड़ोसियों ने इस वारदात को अंजाम दिलवाया है।

पिंटू दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसका छोटा भाई सिंटू कुमार बाहर रहकर मजदूरी करता है। सरेशाम एनएच पर हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *