नवगछिया में जमीन विवाद को लेकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान अहम सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इससे पहले एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर खून के नमूने, खोखा सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
सरेशाम हुई इस हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि टावर चौक के आसपास आमतौर पर पुलिस की मौजूदगी रहती है, इसके बावजूद अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे अपराधियों ने रंगरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी पिंटू यादव की एक के बाद एक चार गोलियां मारकर हत्या कर दी। पिंटू यादव फसल में खाद डालने के बाद दियारा से घर लौट रहा था, तभी घात लगाए अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। इस संबंध में रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण जानकारी मिली है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

