खरीक। सोमवार को प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर शिल्प भवन में पंचायत समिति सदस्यों की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख शंकर प्रसाद यादव उर्फ दल्लु यादव ने की, जबकि संचालन बीडीओ मोना कुमार सोनी ने किया।

बैठक में पीएचईडी, अंचल, कृषि, आपूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य सहित कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़ी समस्याओं को पंचायत समिति सदस्यों ने पूरे जोर-शोर के साथ उठाया और संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा। इस पर सभी विभागों के पदाधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का सकारात्मक आश्वासन दिया।

तुलसीपुर पंचायत के मुखिया उमेश यादव ने अपनी पंचायत को अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग सीओ से की। इस पर अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार वत्स ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सिर्फ तुलसीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे अंचल को अभियान चलाकर अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अतिक्रमणकारी चाहे कोई भी हो—रिश्तेदार, परिचित या परिवार का सदस्य—उसके खिलाफ आवाज उठानी होगी।

सीओ ने यह भी कहा कि यदि किसी ने सरकारी जमीन को गलत तरीके से अपने नाम जमाबंदी करा ली है, तो उसकी पहचान कर जमाबंदी रद्द की जाएगी। सरकारी जमीन और भवनों को हर हाल में अतिक्रमणकारियों से मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार का इस संबंध में सख्त निर्देश है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ संपत्ति जब्ती तक की जाएगी।

उप प्रमुख मजहरूल हक ने कार्यालयों में बिना काम के बैठने वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग उठाई, जिसका समर्थन प्रखंड प्रमुख ने भी किया। इस पर सीओ ने कहा कि उनके योगदान के बाद से कार्यालय में अनावश्यक रूप से किसी को बैठने की अनुमति नहीं दी जाती है और आगे भी इस पर सख्ती बरती जाएगी।

बैठक के अंत में बीडीओ मोना कुमार सोनी ने सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों को गति देने में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय के बिना विकास संभव नहीं है।

इस अवसर पर बीपीआरओ सह बीईओ नागेश्वर प्रसाद, बीसीओ अरुण कुमार, स्वच्छता प्रखंड समन्वयक अजय कुमार, बिजली कंपनी के जेई राकेश रंजन, जीविका प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार, पंचायत समिति सदस्य अशोक दास, सैफुल अंसारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *