नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया ने वर्ष 2025 के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां दर्ज की हैं। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच पुलिस ने सामान्य एवं त्वरित विचारण के तहत कुल 22 मामलों में 61 अपराधियों को सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की। इसी अवधि में तीन मिनी गन फैक्ट्रियों का भी भंडाफोड़ किया गया।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 2753 वारंट एवं 103 कुर्की का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। साइबर थाना नवगछिया द्वारा साइबर अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखते हुए 2,06,258 रुपये की राशि बरामद की गई।

‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत नवगछिया पुलिस ने 55 चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंपा, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

गिरफ्तारियों के आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच कुल 3,166 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 9 टॉप-10/इनामी अपराधी, हत्या के 59 आरोपी, लूट के 31 आरोपी, चोरी के 49 आरोपी तथा महिला संबंधित अपराधों के 32 आरोपी शामिल हैं। अन्य श्रेणियों में 2,988 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई।

बरामदगी के क्षेत्र में भी नवगछिया पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पुलिस ने 92 हथियार, 338 कारतूस और 3 बम जब्त किए। इसके अलावा कुल 22,887 लीटर शराब जब्त की गई, जिसमें 2,788 लीटर देशी और 20,098 लीटर विदेशी शराब शामिल है। नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4.098 किलोग्राम स्मैक और 294.87 किलोग्राम गांजा भी बरामद किया गया।

इसके साथ ही पुलिस ने 20 चोरी के वाहन और 60 चोरी के मोबाइल फोन भी बरामद किए। नवगछिया पुलिस ने दोहराया है कि जनता की सेवा, सुरक्षा और अपराधमुक्त समाज के निर्माण के लिए वह सदैव तत्पर और प्रतिबद्ध है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *