गोपालपुर। गोपालपुर प्रखंड के मध्य विद्यालय धरहरा के प्रांगण में भारत की पहली महिला शिक्षिका, प्रसिद्ध समाजसेविका, समाज सुधारक एवं कवयित्री सावित्रीबाई फुले का 195वां जन्मदिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में सावित्रीबाई फुले के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि उनका जन्म 3 जनवरी 1831 को महाराष्ट्र में हुआ था, जबकि उनका निधन 10 मार्च 1897 को हुआ। उनके पति महात्मा ज्योतिराव फुले के साथ मिलकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन एवं सामाजिक सुधार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सावित्रीबाई फुले और ज्योतिराव फुले ने मिलकर सत्यशोधक समाज की स्थापना की तथा सामाजिक समानता, विधवा पुनर्विवाह, बाल-विवाह के विरोध और नारी सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। भारत में पहले बालिका विद्यालय की स्थापना का श्रेय भी सावित्रीबाई फुले को ही जाता है। उन्होंने महिलाओं एवं दलित वर्गों की शिक्षा के लिए ऐतिहासिक कार्य किए।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक युगेश कुमार सहित कुमार राजेश, नीतीश कुमार नयन, रश्मि कुमारी, पंकज कुमार, लतिका कुमारी, नीता कुमारी, स्नेहा कुमारी और राकेश कुमार रजक सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

