नवगछिया। साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जहां फर्जी बैंक पदाधिकारी बनकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से एक लाख 85 हजार रुपये की ठगी कर ली। इस संबंध में पीड़ित नगरह गांव निवासी कमलेश्वरी पोद्दार ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
Total Downloads: 166
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की साउथ कृष्णपुरी शाखा, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) में है। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताया। कॉलर ने कहा कि उनका बैंक खाता बंद होने वाला है और उसे चालू रखने के लिए सत्यापन आवश्यक है। इसके लिए मोबाइल पर आने वाले ओटीपी को साझा करने की बात कही गई।
ठग की बातों में आकर पीड़ित ने मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी कॉल करने वाले को बता दिया। इसके बाद 29 दिसंबर को जब उन्होंने खाते का बैलेंस चेक किया, तो पता चला कि उनके खाते से 1.85 लाख रुपये की निकासी कर ली गई है।

पीड़ित की शिकायत पर नवगछिया थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और साइबर ठगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी परिस्थिति में बैंक से संबंधित ओटीपी, पिन, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर तुरंत सतर्क रहें और संबंधित बैंक अथवा पुलिस को सूचना दें।
