नवगछिया। रंगरा प्रखंड के सहौरा गांव में आयोजित कौशल्या मेला के तीसरे दिन सोमवार को दंगल प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कड़ाके की ठंड के बावजूद दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने अखाड़े में दमखम दिखाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
Total Downloads: 167
पुरुष वर्ग में बनिया गांव के रंजीत पहलवान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पराजित किया और दर्शकों की वाहवाही लूटी। वहीं महिला वर्ग में दिल्ली की अंजलि, बनारस की सत्या और बिहार की हनी पहलवान का दबदबा देखने को मिला। महिला पहलवानों के दांव-पेच ने दर्शकों को खासा रोमांचित किया।
दंगल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रोफेसर शिव कुमार ने किया। फाइनल में पहुंचने वाले पहलवानों को प्रवीण कुमार यादव की ओर से सहयोग राशि प्रदान की गई।

मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मेला संरक्षक अशोक यादव ने कहा कि कौशल्या मेला पूर्वजों की परंपरा का प्रतीक है, जिसे ग्रामीण आज भी एकजुट होकर सफलतापूर्वक आयोजित कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व प्रमुख विजय यादव, नंदन यादव, प्रमोद पथिक, पंचायत समिति सदस्य विनोद सिंह, विकास यादव, मिथिलेश कुमार, शुभम यादव सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
