नवगछिया । भागलपुर प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विवेक कुमार ने शनिवार को नवगछिया पुलिस केंद्र का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश सहित सभी शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के क्रम में आईजी ने विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों और पंजियों की गहन समीक्षा की तथा उनके उचित संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद शस्त्रागार का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध हथियारों की संख्या, उनकी स्थिति और रखरखाव का जायजा लिया गया।
इस अवसर पर वाहन परेड का आयोजन भी किया गया, जिसमें पुलिस वाहनों की कार्यक्षमता, साफ-सफाई और रख-रखाव की बारीकी से जांच की गई। आईजी ने संबंधित पदाधिकारियों को वाहनों के बेहतर रख-रखाव को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

आईजी विवेक कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नवनियुक्त सिपाहियों की परेड का भी निरीक्षण किया। उनकी ड्रिल, अनुशासन और टर्नआउट की सराहना करते हुए उन्हें और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
निरीक्षण के उपरांत टीसीएस में पुलिस सभा का आयोजन किया गया, जहां आईजी ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षु सिपाहियों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और प्रशिक्षण अनुभवों की जानकारी ली तथा सभी को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
इस मौके पर सभी शाखा प्रभारी के अलावा कई थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे

