नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र में शनिवार को करंट लगने से एक बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मदरौनी फीडर के अर्जुन कॉलेज के पास की बताई जा रही है, जहां काम के दौरान हादसा हो गया।

मृतक की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र के हरनाथचक वार्ड संख्या-28 निवासी 25 वर्षीय नीतीश कुमार के रूप में हुई है। उनके पिता स्व. फूलो यादव थे। बताया गया कि नीतीश पोल पर चढ़कर डीपी का तार जोड़ रहे थे। काम शुरू करने से पहले शटडाउन लेने की बात कही गई थी।

इसी दौरान एंगल लगाते समय वह अचानक करंट की चपेट में आ गए और पोल से नीचे गिर पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद उनके साथ काम कर रहे मजदूर महादेव कुमार, छोटू कुमार और लालू कुमार उन्हें तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

नीतीश अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके पिता की दो वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां किरण देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की गंभीर जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।

वहीं बिजली विभाग के जेई ज्ञान प्रकाश ने बताया कि एग्रीकल्चर फीडर से संबंधित कार्य चल रहा था और ठेकेदार द्वारा शटडाउन लिया गया था। उन्होंने कहा कि मजदूर किस तार के संपर्क में आया और वह किस फीडर का था, यह जांच का विषय है। जेई ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस पोल पर काम हो रहा था, उसका शटडाउन लिया गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *