नवगछिया: एनएच-31 पर नवगछिया जीरो माइल के पास वाहनों की जांच के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वैन से 50 कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने वाहन चालक को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार चालक की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है, जो पटना जिला के हरदास बिगहा गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पटना से एक पिकअप वैन में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप नवगछिया की ओर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जीरो माइल के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।

जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप वैन को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 50 कार्टन प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त खेप की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार चालक से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसका मास्टरमाइंड कौन है।
पुलिस का मानना है कि यह मामला नशीली और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी से जुड़ा हो सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है।

