नवगछिया: परबत्ता थाना क्षेत्र के बहतरा गांव में नशे में धुत एक बेटे ने अपनी ही मां पर लाठी-डंडे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला का इलाज नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
घायल महिला की पहचान उमा देवी, पति सिकंदर साह के रूप में हुई है। पीड़िता ने बताया कि वह हाल ही में अयोध्या से भगवान श्रीराम के दर्शन कर गांव लौटी थीं। घर आने के बाद वह प्रसाद लेकर अपने बड़े बेटे के घर गई थीं। इसी बात को लेकर छोटा बेटा दीपक नाराज हो गया।
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार को आरोपी दीपक नशे की हालत में घर पहुंचा और मां के साथ गाली-गलौज करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने लाठी-डंडा उठाकर मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट के दौरान महिला को जमीन पर गिरा दिया गया और बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तुरंत नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उनका छोटा बेटा नशे का आदी है और अक्सर घर में मारपीट करता रहता है। उन्होंने बताया कि पेंशन के पैसे को लेकर भी वह बार-बार विवाद करता है। वहीं, उनके पति सिकंदर साह फिलहाल बड़े बेटे के साथ रहते हैं, क्योंकि आरोपी उनके साथ भी दुर्व्यवहार करता है।
घटना की सूचना मिलने पर परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना को लेकर ग्रामीणों ने चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि गांवों में बढ़ती नशाखोरी परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

