खलासी पर संदेह, नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव के पास की घटना
नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के विक्रमशिला सेतु पथ पर गुरुवार को तेतरी गांव के पास ट्रक चालक के जेब को काट कर अज्ञात अपराधियों ने 46 हजार रूपये की चोरी कर ली है.

इस बाबत पीड़ित चालक रंगरा के भवानीपुर निवासी मनोज कुमार यादव ने नवगछिया थाना में प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है. ट्रक के चालक मनोज कुमार को शक है कि उसका पैसा उसके ट्रक के सहचालक बिहपुर थाना के लत्तिपुर निवासी गुड्डू यादव पर शक है. पुलिस मामले की छान बीन में जुट गयी है. ट्रक चालक मनोज कुमार यादव ने कहा कि वह गुरुवार को अपने ट्रक बीआर 10 जी 3006 को लेकर गिट्टी लाने के लिए मिर्जा चौकी जा रहे थे. सेतु पथ पर जाम था इसलिये वह तेतरी चौक से कुछ दूरी पर ही ट्रक लगा कर सो गया. सहचालक गुड्डू यादव भी उसके साथ ही था. करीब 12 बजकर 30 मिनट पर जब उसकी नींद खुली तो उसने देखा कि खलासी ट्रक पर ही बैठा हुआ था और वह जगा हुआ था. इसके बाद उसने अपने पेंट के जेब में हाथ दिया तो उसके दोनों जेब में रखा क्रमशः 32 हजार रूपये और 14 हजार रूपये कुल 46 हजार रूपये गायब थे. जब घटना की बाबत खलासी से पूछा तो उसने बताया कि उसका मोबाइल भी गायब हो गया है. चालक मनोज कुमार का कहना है कि सुबह तक खलासी उसके साथ था लेकिन जब शुक्रवार को ट्रक को फिर मिर्जाचौकी भेजा गया तो खलासी रास्ते से ही फरार हो गया. नवगछिया के थानाध्यक्ष संजय कुमार सुधांशु ने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा.


