नवगछिया : गोपालपुर थाना क्षेत्र स्थित तिनटंगा करारी गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। फायरिंग के दौरान चली गोली लगने से दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक किशोर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान तिनटंगा करारी निवासी 16 वर्षीय सौरभ कुमार और 14 वर्षीय तूफान कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सौरभ कुमार के सीने के पास गोली लगी है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। पहले उसे मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार गांव में आयोजित शादी समारोह में डीजे बज रहा था और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं रिश्तेदार मौजूद थे। इसी दौरान एक युवक ने अचानक देसी कट्टा निकालकर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान निकली गोली पास में खड़े दोनों किशोरों को जा लगी। दोनों बच्चे शादी समारोह और डीजे देखने पहुंचे थे।

घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने घायल बच्चों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

घटना से आक्रोशित परिजनों ने गोपालपुर पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी युवक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि शादी-ब्याह में अवैध हथियारों का इस्तेमाल और हर्ष फायरिंग जैसी घटनाएं समाज के लिए गंभीर खतरा बनती जा रही हैं, जिस पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....