बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की पीट-पीटकर हत्या, सिलीगुड़ी में इलाज के दौरान तोड़ा दम
नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के छोटी परवत्ता पंचायत अंतर्गत जयमंगल टोला गांव में मारपीट की एक घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान योगेंद्र मंडल के पुत्र संदीप कुमार के रूप में हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि शराब कारोबार और पैसों के विवाद के बीच बीच-बचाव करने पहुंचे संदीप कुमार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया था।
जहान्वी चौक पर हुआ था विवाद
परिजनों के अनुसार 25 मई की रात गांव के समीप जहान्वी चौक पर स्वर्गीय भूमि मंडल के पुत्र संगम कुमार तथा प्रमोद मंडल के पुत्र गौतम कुमार और अंकित कुमार के बीच किसी बात को लेकर मारपीट और गाली-गलौज हो रही थी। इसी दौरान संदीप कुमार वहां पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास करने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान प्रमोद मंडल ने अपने पुत्रों गौतम कुमार, अंकित कुमार और आशीष कुमार को संदीप कुमार पर हमला करने के लिए उकसाया।

लाठी-डंडों से किया गया हमला
परिजनों का आरोप है कि उकसावे के बाद आरोपियों ने संदीप कुमार की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण वह घटनास्थल पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
सिलीगुड़ी में इलाज के दौरान मौत
गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार को परिजन इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी ले गए। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बाद में शव को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
अवैध शराब कारोबार से जुड़े होने का आरोप
मृतक के छोटे भाई गौरव कुमार ने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार लंबे समय से अवैध शराब और अन्य गलत गतिविधियों में शामिल है। उनका कहना है कि संगम कुमार भी इन्हीं लोगों से शराब खरीदता था और पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान उनके भाई को निशाना बनाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
नवगछिया पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौत हुई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा लिया है और परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पत्नी और मासूम बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
संदीप कुमार पांच भाइयों में चौथे स्थान पर थे। वह अपने पीछे पत्नी सबिता देवी और मासूम बेटी नैन्सी कुमारी को छोड़ गए हैं। घर पर शव पहुंचते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बेटी अपने पिता को याद कर बिलख रही है।
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि संदीप कुमार गांव में शराब और नशे के अवैध कारोबार का विरोध करते थे, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया। घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने नवगछिया एसपी से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा क्षेत्र में चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

