गोपालपुर: गोपालपुर थाना क्षेत्र की गोसाईंगांव पंचायत स्थित एनएच-31 के मकंदपुर चौक पर लगातार लगने वाले जाम से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। सुबह और शाम के समय चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
Total Downloads: 192
मकंदपुर चौक गोपालपुर प्रखंड मुख्यालय, नवगछिया अनुमंडल मुख्यालय तथा नवगछिया बाजार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। इस कारण यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे दुकानों का अतिक्रमण, अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहन और बाजार क्षेत्र में बढ़ती भीड़ जाम की मुख्य वजह बन गई है।
ग्रामीणों के अनुसार कई बार भारी वाहनों के एक साथ गुजरने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। नतीजतन कुछ मिनट का सफर तय करने में लोगों को काफी समय लग जाता है। जाम का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों पर पड़ रहा है। कई बार एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मकंदपुर चौक पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने, नियमित पुलिस बल की तैनाती करने, अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था लागू करने की मांग की है। साथ ही क्षेत्रवासियों ने पथ निर्माण मंत्री से मकंदपुर चौक पर ऊपरगामी पुल (ओवरब्रिज) के निर्माण की मांग करते हुए कहा है कि इससे स्थायी रूप से जाम की समस्या का समाधान हो सकेगा।
