बिहपुर। बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री सह बिहपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक इं. शैलेंद्र ने गुरुवार को बिहपुर एनडीए कार्यालय पहुंचकर नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
तटबंध पर होगा कालीकरण, बनेगा वैकल्पिक बायपास
इसके बाद मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर विकास योजनाओं और स्थानीय समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि राघोपुर से काजीकोरैया के बीच कैंची प्वाइंट के बाद नरकटिया से नन्हकार तक गंगा जमींदारी तटबंध को एकल प्वाइंट के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे बीच में कोई कैंची प्वाइंट नहीं रहेगा।
मंत्री ने कहा कि तटबंध का कालीकरण कराया जाएगा, जिससे यह मार्ग जाह्नवी चौक से सीधे नन्हकार एनएच-31 तक एक वैकल्पिक बायपास सड़क के रूप में विकसित हो जाएगा। साथ ही नरकटिया के समीप धार पर गंगा दियारा क्षेत्र के आवागमन के लिए पुलिया निर्माण भी कराया जाएगा।

स्लूईस को स्थानांतरित कर तटबंध को बनाएंगे सुरक्षित
इं. शैलेंद्र ने वर्तमान स्लूईस की स्थिति को अनुपयुक्त बताते हुए उसे उचित स्थान पर स्थानांतरित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे तटबंध की सुरक्षा और मजबूती बढ़ेगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि दूसरे चरण में नन्हकार से मौजमा तक सड़क निर्माण कराया जाएगा, जो जीएफसीसी परियोजना के अंतर्गत होगा।
आंधी-बारिश से प्रभावित किसानों का लिया जायजा
जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि मंत्री ने खरीक प्रखंड के उस्मानपुर, करहरू सहित अन्य गांवों का दौरा कर हाल की आंधी और बारिश से क्षतिग्रस्त फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से बर्बाद हुए केला बागानों की स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री ने बिहपुर और खरीक के उन क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया, जहां तेज आंधी के कारण घरों के साथ-साथ लीची और आम के पेड़ धराशायी हो गए थे। कई स्थानों पर पूरे बागीचे नष्ट हो गए। किसानों ने मंत्री को हुए भारी आर्थिक नुकसान की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने आवश्यक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता और ग्रामीण
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिनेश यादव, जिला महामंत्री प्रभुनंदन चौधरी, राजीव उर्फ नूनू चौधरी, सौरव, रविशंकर, दिलीप सिंह, बाल्मिकी मंडल, ब्रजेश चौधरी, रूपेश रूप, नीतेश कन्हैया झा एवं सौरव सावर्ण सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।

