पत्नी से विवाद के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

नवगछिया। इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता गांव में पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय पिंकू पासवान के रूप में हुई है, जो गांव निवासी त्रिवेणी पासवान का पुत्र था।

घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।

परिजनों के अनुसार, पिंकू पासवान ईंट-भट्ठे में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। लगातार बारिश के कारण पिछले चार-पांच दिनों से भट्ठे में काम बंद था। शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी पत्नी सीमा कुमारी से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और पत्नी सीमा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *