नारायणपुर: भवानीपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गंगा दियारा में हुए चर्चित फायरिंग कांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, 29 मई 2026 को नवटोलिया गंगा दियारा क्षेत्र में किसानों की फसलों को मवेशियों से नुकसान पहुंचने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया था। आरोप है कि बड़ी संख्या में मवेशियों को किसानों के खेतों में छोड़ दिया गया था, जिससे फसलों को भारी क्षति पहुंच रही थी।
भवानीपुर थाना में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, जब किसान अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए मवेशियों को खेतों से हटाने पहुंचे, तभी प्रकाश यादव और उसके साथ मौजूद 6-7 अन्य लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया था।

राजू चौधरी की शिकायत पर भवानीपुर थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रकाश यादव, पिता धूसर यादव, निवासी नारायणपुर, थाना भवानीपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया।
भवानीपुर थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

