बेली ब्रिज पर बढ़े वाहनों के दबाव के बीच भागलपुर-नवगछिया पुलिस की संयुक्त मॉनिटरिंग, लंबा जाम नहीं लगने का दावा
विक्रमशिला सेतु पर आवागमन शुरू होने के साथ ही वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। हालांकि सोमवार को लगे भीषण जाम से सबक लेते हुए भागलपुर और नवगछिया पुलिस ने यातायात प्रबंधन की रणनीति में बदलाव किया है, जिसका असर मंगलवार को देखने को मिला। पुलिस की सक्रिय निगरानी के कारण जाम की स्थिति नियंत्रित रही और वाहनों की लंबी कतार नहीं लगी।
सेतु पर बने नए बेली ब्रिज से होकर बड़ी संख्या में टोटो, बाइक और कारों का आवागमन हो रहा है। इसके चलते बीच-बीच में जाम की स्थिति बन रही है, लेकिन पर्याप्त संख्या में तैनात यातायात पुलिसकर्मियों की वजह से वाहनों की लंबी कतार नहीं लग रही है।
आईजी के निर्देश पर जाह्नवी चौक के आगे नवगछिया पुलिस ने भी सड़क किनारे पुलिस पिकेट बनाकर निगरानी शुरू कर दी है। जब भी वाहनों की संख्या अधिक होती है और काफिला लंबा होने की आशंका दिखती है, तब पुलिस तीन किलोमीटर पहले ही वाहनों को रोक देती है। सेतु पर तैनात पुलिसकर्मियों से संकेत मिलने के बाद ही वाहनों को आगे बढ़ाया जाता है।

विक्रमशिला सेतु पर यातायात व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी भागलपुर और नवगछिया के यातायात पुलिस उपाधीक्षकों को सौंपी गई है। यातायात पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सेतु पर आवागमन शुरू होने के बाद पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

