नवगछिया। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए फूड इंस्पेक्टर राजहंस सिंह ने टीम के साथ शहर की मिठाई दुकानों में छापेमारी की। जांच के दौरान कहीं बिना ट्रेड लाइसेंस के दुकानें संचालित होती मिलीं, तो कहीं साफ-सफाई की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। कुछ प्रतिष्ठानों में रखी मिठाइयों को फेंके जाने की बात भी सामने आई।
Total Downloads: 460
छापेमारी के दौरान टीम ने विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फूड इंस्पेक्टर राजहंस सिंह ने बताया कि एसडीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और अन्य जरूरी मानकों की जांच की गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शहर में तेजी से खुल रहे होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों में खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है। खासकर मिठाइयों की गुणवत्ता, निर्माण स्थल की स्वच्छता और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में सतर्कता बढ़ने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की उम्मीद है।
