नवगछिया: रंगदारी मांगने, गोलीबारी और मारपीट के चर्चित मामले में नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कांड के मुख्य आरोपी टुनटुन ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर गांव से पकड़ा गया है। मामले में पहले भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
जानकारी के अनुसार, 3 जून 2023 को दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया था कि टुनटुन ठाकुर और उसके 2-3 सहयोगियों ने शिकायतकर्ता से रंगदारी के रूप में पैसे की मांग की थी। विरोध करने पर आरोपियों ने गोलीबारी की तथा शिकायतकर्ता के भाई के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना के बाद बिहपुर थाना में कांड संख्या 336/23 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान एक अन्य अभियुक्त को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में पुलिस ने 9 जून को कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी टुनटुन ठाकुर, पिता स्वर्गीय उमेश ठाकुर, निवासी लत्तीपुर, थाना बिहपुर, जिला भागलपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रंगदारी, गोलीबारी और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

