नारायणपुर: बिहपुर प्रखंड के अरसंडी गांव निवासी रामानंद यादव (50) का शव मौत के छह दिन बाद शुक्रवार देर रात ओमान से उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मृतक रामानंद यादव स्वर्गीय तारणी यादव के पुत्र थे और ओमान के मस्कट में स्थित जरीन मस्कट इंटरनेशनल कंपनी में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार 6 जून को उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना कंपनी के सुपरवाइजर ने परिजनों को दी थी।
परिजनों ने बताया कि रामानंद यादव पिछले करीब दस वर्षों से विदेश में रहकर नौकरी कर रहे थे। परिवार के भरण-पोषण के लिए वे लगातार खाड़ी देशों में काम कर रहे थे। सितंबर 2025 में ही वे दोबारा ओमान गए थे, लेकिन कुछ ही महीनों बाद उनकी असामयिक मौत की खबर घर पहुंच गई।

मौत की सूचना मिलने के बाद से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, खबर मिलने के बाद घर में चूल्हा तक नहीं जला। पूरे गांव में मातम का माहौल है और लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
शुक्रवार देर रात जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शनिवार को पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

