नवगछिया/इस्माइलपुर: नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र स्थित भिट्ठा गांव में बुधवार को गंगा नदी में नहाने के दौरान 11 वर्षीय एक बच्चे की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान भिट्ठा गांव निवासी विनोद हरिजन के पुत्र रुपेश कुमार (11) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार रुपेश कुमार गांव के अन्य बच्चों के साथ रोजाना की तरह गंगा नदी में स्नान करने गया था। पुरानी दुर्गा स्थान के समीप सभी बच्चे नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान रुपेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह देखते ही देखते पानी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भारी भीड़ नदी किनारे जुट गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना पर पहुंची SDRF की टीम ने नदी में सर्च अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने रुपेश को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता विनोद हरिजन ने बताया कि उनका बेटा अन्य बच्चों के साथ स्नान करने गया था। कुछ देर बाद सूचना मिली कि वह नदी में डूब गया है। परिवार को उम्मीद थी कि वह सुरक्षित मिल जाएगा, लेकिन SDRF द्वारा बाहर निकाले जाने तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इधर इस्माइलपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में बच्चे गंगा नदी में स्नान करने पहुंचते हैं। प्रशासन द्वारा बार-बार सावधानी बरतने की अपील के बावजूद कई बार बच्चे खेल-खेल में गहरे पानी में चले जाते हैं, जिससे इस तरह की दुखद घटनाएं सामने आती रहती हैं।

