नवगछिया: मोहर्रम पर्व को लेकर जिले में चलाए जा रहे विशेष सुरक्षा एवं नशा विरोधी अभियान के तहत नवगछिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 409 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही उनके कब्जे से एक लाख रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के निर्देश पर 20 जून को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर नवगछिया जीरोमाइल के समीप एनएच-31 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सर्विस रोड की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान बाइक सवार सिंटू कुमार सिंह, निवासी दोनिया टोला पकरा, थाना नवगछिया के पास से 409 ग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सिंटू कुमार सिंह ने खुलासा किया कि वह कुणाल कुमार के साथ मिलकर स्मैक तस्करी के कारोबार में संलिप्त है।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि मादक पदार्थ की बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये वह अपने सहयोगी कुणाल कुमार को देने जा रहा था। जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी निशानदेही पर कुणाल कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बिक्री से जुड़े एक लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
इस मामले में नवगछिया थाना में कांड संख्या 245/26 दर्ज कर दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

