नवगछिया : इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के कमलाकुंड गांव में एक 27 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान कमलाकुंड निवासी रंजीत कुमार की पत्नी प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों की मां थीं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार रात प्रियंका कुमारी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान अचानक उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।
मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्रियंका कुमारी की मौत हो गई। चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

मृतका के पति रंजीत कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दोनों की शादी करीब दस वर्ष पूर्व हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों का कहना है कि उन्हें मौत के वास्तविक कारणों की जानकारी नहीं है। ऐसे में वे पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं, जिससे मौत की वजह स्पष्ट हो सके।
घटना की सूचना मिलने पर बरारी पुलिस कैंप ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

