नवगछिया। नारायणपुर प्रखंड के भवानीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय मंडल टोला में गर्मी की छुट्टियों के दौरान चोरों ने विद्यालय को निशाना बनाते हुए आठ पंखों की चोरी कर ली। घटना का खुलासा विद्यालय खुलने के बाद 22 जून को हुआ, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक गौतम ठाकुर ने बताया कि 22 जून को जब गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खोला गया तो दो कमरों से पंखे गायब मिले। जांच करने पर एक कमरे का वेंटिलेटर टूटा हुआ पाया गया, जबकि कमरों की वायरिंग भी उखाड़ी गई थी।
प्रारंभिक जांच में नीचे स्थित एक कमरे से चार पंखों की चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद जब ऊपर के कमरे को खोला गया तो वहां से भी चार पंखे गायब पाए गए। इस प्रकार विद्यालय से कुल आठ पंखों की चोरी होने की पुष्टि हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रधानाध्यापक ने विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय ग्रामीणों को अवगत कराया। विद्यालय परिसर में चोरी की इस घटना को लेकर लोगों ने चिंता जताई है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
प्रधानाध्यापक गौतम ठाकुर ने भवानीपुर थाना अध्यक्ष से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। वहीं पुलिस द्वारा मामले की छानबीन किए जाने की बात कही जा रही है।

