नवगछिया: नवगछिया टोल प्लाजा के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय अर्चना देवी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, अर्चना देवी अपने पति विपुल शर्मा, 10 वर्षीय बेटी माही कुमारी और 8 वर्षीय पुत्र विराट कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर कन्हैया चौक स्थित अपने मायके जा रही थीं। इसी दौरान टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगते ही अर्चना देवी सड़क पर गिर गईं और ट्रक का पिछला पहिया उनके चेहरे के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के समय उनके पति और दोनों मासूम बच्चे वहीं मौजूद थे, जिन्होंने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने दम तोड़ते देखा।

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया भेज दिया।
ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी वासुदेव राम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

