भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में चौसा निवासी एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों बाइक से चौसा से भागलपुर की ओर जा रहे थे, तभी एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।

घायलों की पहचान जयप्रकाश और उनकी पत्नी ममता देवी के रूप में हुई है। हादसे के बाद दोनों को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए एंबुलेंस से दोनों को इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घायल जयप्रकाश ने बताया कि वे अपनी पत्नी के साथ चौसा से भागलपुर जा रहे थे। विक्रमशिला सेतु पर अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर पड़े। वहीं ममता देवी ने बताया कि पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि संभलने का मौका ही नहीं मिला, जिससे दोनों को गंभीर चोटें आईं।

डायल-112 टीम में शामिल पुलिसकर्मी निर्मल कुमार ने बताया कि बाइक नवगछिया की ओर से भागलपुर की तरफ जा रही थी, जबकि साइकिल सवार विपरीत दिशा से आ रहा था। अचानक हुई टक्कर के कारण बाइक सवार दंपती सड़क पर गिरकर घायल हो गए। साइकिल सवार को भी मामूली चोट लगी, लेकिन वह मौके से फरार हो गया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार साइकिल सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....