खरीक: रंगरा थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झल्लूदास टोला में छापेमारी कर ऑटो पर लदी 93.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झल्लूदास टोला निवासी दिलखुश कुमार और पूर्णिया जिले के सिघारापट्टी निवासी राजा कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि दिलखुश कुमार के बासा पर भारी मात्रा में शराब की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद रंगरा थाना पुलिस ने मौके पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान ऑटो पर लदी 93.5 लीटर शराब बरामद कर ली गई और दोनों तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बरामद शराब और ऑटो को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

