नवगछिया: नवगछिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर स्थित नगरह पंचायत में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की सांप के डंसने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान उमेश मंडल और ललिता देवी के सबसे छोटे पुत्र कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कृष्ण अपने घर के बाहर खेल रहा था, तभी उसे एक विषैले सांप ने डंस लिया। शुरुआत में परिजनों को यह पता नहीं चल सका कि बच्चे को सांप ने काटा है। कुछ देर बाद जब उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेसुध होने लगा, तब परिवार को घटना की गंभीरता का एहसास हुआ।
आनन-फानन में परिजन कृष्ण को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां ललिता देवी बार-बार बेहोश हो रही थीं, जबकि पिता उमेश मंडल अपने बेटे का शव देखकर बिलख पड़े। बड़े भाई दुर्गेश कुमार और बहन अर्चना कुमारी भी गहरे सदमे में हैं।

मृतक के बड़े पापा रमेश मंडल ने बताया कि घटना के समय बच्चे के माता-पिता घर पर नहीं थे, जिससे समय रहते सांप के काटने की जानकारी नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस अनुमंडल अस्पताल पहुंची। थाना अध्यक्ष रविशंकर सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
इधर, वार्ड सदस्य रंजीत मंडल और मुखिया भारत पासवान ने अस्पताल पहुंचकर शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने परिवार को सांत्वना देते हुए सरकार से उचित मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया। इस हृदयविदारक घटना से भवानीपुर गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

