नवगछिया। कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीद हवलदार रतन कुमार सिंह की शहादत दिवस पर गुरुवार को उनके पैतृक गांव तिरासी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। पूरे सम्मान और देशभक्ति के माहौल में लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्पचक्र एवं माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
ज्ञात हो कि कारगिल युद्ध के दौरान 2 जुलाई 1999 को जुबार टॉप पर दुश्मनों से मुकाबला करते हुए बिहार रेजिमेंट के हवलदार रतन कुमार सिंह ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका अदम्य साहस और वीरता आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
शहादत दिवस के अवसर पर शहीद स्मारक पर परिजनों, ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पूर्व सैनिकों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने पहुंचकर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद रतन कुमार सिंह अमर रहें’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

इस अवसर पर सुभाष पंडित, मनोज झा, नीरज प्रताप सिंह, शंभू रजक, शंकर मंडल, राजा रौशन, विकास, संतोष, टिंकू, राहुल, हर्षित आनंद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे और शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
बेटे ने कहा- पिता के बलिदान पर पूरे परिवार को गर्व
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए शहीद के बड़े पुत्र एवं शिक्षक रूपेश कुमार सिंह ने कहा कि उनके पिता का जीवन राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान की मिसाल है। उन्होंने कहा कि पूरे परिवार को इस बात का गर्व है कि उनके पिता ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाली पीढ़ियां भी शहीद रतन कुमार सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रसेवा का मार्ग अपनाएंगी।
इस दौरान शहीद के पौत्र शौर्यान सिंह और आर्यन सिंह ने भी अपने दादा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए आदर्शों और पदचिह्नों पर चलने का संकल्प लिया।
शहादत दिवस समारोह ने एक बार फिर लोगों को देशभक्ति, त्याग और बलिदान की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।

