नवगछिया/गोपालपुर। दुर्गा पूजा और आगामी चुनाव को शांतिपूर्ण, भयमुक्त एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर नवगछिया पुलिस और अनुमंडल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसपी वैभव शर्मा ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Total Downloads: 365
एसपी ने कहा कि पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 1600 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। चिह्नित अपराधियों के खिलाफ सीसीए-3 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नारायणपुर, भमरपुर, तेतरी और सैदपुर समेत कई इलाकों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं। अगले तीन दिनों तक नवगछिया शहर और प्रमुख पूजा स्थलों पर पुलिस का फ्लैग मार्च जारी रहेगा।

सोमवार को अनुमंडल सभागार में एसडीओ के. परीक्षित और एसडीपीओ सईम राजा की अध्यक्षता में प्रशासनिक बैठक हुई। इसके बाद गोपालपुर थाना परिसर में भी शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीसीएलआर शैलेंद्र सिंह, ईओ मुकेश कुमार, इंस्पेक्टर रविशंकर सिंह, श्याम नंदन यादव समेत विभिन्न थानों के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
भीड़ और यातायात पर विशेष नजर
पूजा पंडालों में बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा समितियों के स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। वहीं, प्रतिमा विसर्जन के दौरान जाम और अव्यवस्था से बचने के लिए अलग रूट प्लान तैयार किया जाएगा।
महिला सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
भीड़भाड़ वाले पूजा स्थलों और बाजारों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। छिनतई और अन्य घटनाओं को रोकने के लिए सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की निगरानी रहने की संभावना है।
हर पंडाल में CCTV अनिवार्य
प्रशासन ने पूजा समितियों को पंडालों में CCTV कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखेगी। भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से अपील की है कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी अफवाह पर विश्वास करने के बजाय तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें।
