नवगछिया। भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र में कोसी एवं गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जल संसाधन विभाग और केंद्रीय जल आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दोनों नदियों के जलस्तर में वृद्धि का रुझान बना हुआ है, जिससे निचले इलाकों में लोगों की चिंता बढ़ने लगी है।
रिपोर्ट के अनुसार, कोसी नदी का जलस्तर बलतारा और कुरसेला गेज स्थल पर 13-13 सेंटीमीटर बढ़ा है। जलस्तर बढ़ने के कारण नवगछिया के मदरौनी इलाके में बाढ़ का पानी फैलना शुरू हो गया है। यदि जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो आसपास के अन्य निचले क्षेत्रों पर भी इसका असर पड़ सकता है।
वहीं गंगा नदी के जलस्तर में भागलपुर गेज स्थल पर 4 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि फिलहाल नदी का जलस्तर खतरे के निशान से काफी नीचे है, लेकिन इसकी प्रवृत्ति लगातार बढ़ने की बनी हुई है।

केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, कटिहार जिले के कुरसेला गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से 4.43 मीटर नीचे है, जबकि भागलपुर गेज स्थल पर जलस्तर 7.43 मीटर नीचे दर्ज किया गया है। दोनों स्थानों पर जलस्तर में बढ़ोतरी का रुझान जारी है।
प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

