नवगछिया : शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। खगड़िया से नवगछिया की ओर जा रहा तेज रफ्तार बालू लदा हाइवा अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने तीन कच्चे घरों पर पलट गया। इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान गुड्डू डोम की बेटी राधा कुमारी (4 वर्ष), अंकुश कुमार (3 वर्ष) तथा भिखारी डोम की पत्नी इंदु देवी (50 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक उसका टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बालू से लदा ट्रक सीधे सड़क किनारे बने तीन घरों पर पलट गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। बालू और हाइवा के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इंदु देवी का शव निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी। घायलों को स्थानीय लोगों ने ऑटो से अस्पताल पहुंचाया।
घटना में घायल ममता ने बताया कि वह सुबह घर का काम कर रही थीं, तभी अचानक हाइवा घर पर पलट गया। वह बालू के नीचे कई मिनट तक दबी रहीं, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची और एंबुलेंस भी साथ नहीं लाई। ऐसे में स्थानीय लोगों ने ही राहत एवं बचाव कार्य संभाला।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-31 को करीब 45 मिनट तक जाम कर दिया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य किया गया।
ट्रैफिक डीएसपी अनिल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हाइवा का टायर फटना दुर्घटना का मुख्य कारण सामने आया है। उन्होंने कहा कि सड़क पर ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

