ज्वेलर्स दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम

नवगछिया। पुलिस जिला नवगछिया के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार में शनिवार तड़के चोरी की एक बड़ी वारदात टल गई। अज्ञात बदमाशों ने श्री कृष्ण ज्वेलर्स का शटर तोड़कर दुकान में घुसने की कोशिश की, लेकिन मजबूत शटर के कारण वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

दुकान संचालक ज्ञानदेव कुमार पोद्दार ने बताया कि शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें दुकान के शटर से छेड़छाड़ होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे तो देखा कि शटर को तोड़ने का प्रयास किया गया था। इसके बाद जब उन्होंने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो शुक्रवार देर रात करीब 3:30 बजे दो युवक लोहे की रॉड लेकर दुकान के सामने पहुंचे।

फुटेज में दोनों बदमाश पहले आसपास का जायजा लेते दिखाई देते हैं। इसके बाद उन्होंने मिलकर शटर उखाड़ने और तोड़ने की काफी देर तक कोशिश की। हालांकि शटर मजबूत होने के कारण वे दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर सके। काफी प्रयास के बाद पकड़े जाने की आशंका से दोनों मौके से फरार हो गए।

दुकानदार ने बताया कि यदि चोर शटर तोड़ने में सफल हो जाते तो दुकान में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो सकते थे। घटना में कोई सामान चोरी नहीं हुआ और सभी कीमती आभूषण सुरक्षित बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही भवानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकान का निरीक्षण कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके।

दुकानदार ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मधुरापुर बाजार में रात के समय नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की भी अपील की है। भवानीपुर थाना पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

📲 Naugachia News WhatsApp Group Join करें
Join Now →

By न्यूज़ डेस्क

न्यूज़ को शेयर करे और कमेंट कर अपनी राय दे.....